वाराणसी में इन दिनों गैस सिलेंडर (LPG) की किल्लत के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा राहत भरा कदम उठाया है। अब शादी या अन्य मांगलिक कार्यक्रम वाले घरों को गैस सिलेंडर प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा।
गैस की कमी से जूझ रहे लोगों के बीच प्रशासन ने साफ किया है कि जिन घरों में शादी या कोई बड़ा आयोजन है, उन्हें सिलेंडर उपलब्ध कराने में प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके लिए परिवारों को शादी का कार्ड, आवश्यक सिलेंडरों की संख्या और अन्य जरूरी दस्तावेज के साथ संबंधित गैस एजेंसी या अर्दली बाजार स्थित जिला पूर्ति कार्यालय में आवेदन करना होगा।
LPG: अस्थायी कनेक्शन से मिलेगा सिलेंडर
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, ऐसे परिवारों को कमर्शियल गैस सिलेंडर का अस्थायी कनेक्शन लेना होगा।
- सिलेंडर की संख्या के अनुसार सिक्योरिटी जमा करनी होगी
- कार्यक्रम खत्म होने के बाद सिलेंडर लौटाने पर सिक्योरिटी वापस कर दी जाएगी
गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे शादी से जुड़े आवेदनों को प्राथमिकता दें और उनकी सूची रोजाना प्रशासन को भेजें।
1 जुलाई से बदल जाएगा नियम
पेट्रोलियम मंत्रालय ने गैस वितरण को लेकर नया नियम लागू करने का फैसला लिया है। 1 जुलाई 2026 से जिन घरों में PNG (पाइप्ड नैचुरल गैस) कनेक्शन है, वे LPG सिलेंडर नहीं रख सकेंगे। ऐसे उपभोक्ताओं को अपना LPG कनेक्शन सरेंडर करना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य सीमित LPG संसाधनों को उन क्षेत्रों तक पहुंचाना है, जहां PNG की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
क्या करें आम लोग?
- शादी वाले परिवार समय रहते आवेदन करें
- जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें
- PNG कनेक्शन वाले उपभोक्ता नियमों के अनुसार LPG सरेंडर करें

