Varanasi: भुल्लनपुर स्थित 34वीं वाहिनी पीएसी द्वारा आयोजित 29वीं पूर्वी जोन अंतरवाहिनी तैराकी एवं क्रासकंट्री प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन काशी हिंदू विश्वविद्यालय के तरणताल और पीएसी मैदान में किया जा रहा है, जहां विभिन्न वाहिनियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
तैराकी प्रतियोगिता में 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में 42वीं वाहिनी प्रयागराज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 48वीं वाहिनी दूसरे और मेजबान 34वीं वाहिनी तीसरे स्थान पर रही। 200 मीटर तैराकी में भी 42वीं वाहिनी का दबदबा रहा और उसने पहला स्थान हासिल किया, वहीं 34वीं वाहिनी दूसरे और 42वीं वाहिनी तीसरे स्थान पर रही। इसके अलावा 4×100 मीटर मेडले रिले में 4वीं वाहिनी (Varanasi) ने प्रथम, 12वीं वाहिनी ने द्वितीय और 20वीं वाहिनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
Varanasi: आकर्षक मुकाबला 400 मीटर तैराकी
दिन का सबसे आकर्षक मुकाबला 400 मीटर तैराकी रहा, जिसमें मेजबान 34वीं वाहिनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में 12वीं वाहिनी दूसरे और 42वीं वाहिनी तीसरे स्थान पर रही।

वहीं, भुल्लनपुर स्थित पीएसी मैदान (Varanasi) में आयोजित क्रासकंट्री दौड़ प्रतियोगिता में 60 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौड़ में 48वीं वाहिनी के अनुज पासवान ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि 20वीं वाहिनी के अभिषेक यादव दूसरे और 36वीं वाहिनी रामनगर के रत्नेश तीसरे स्थान पर रहे।
इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता (Varanasi) में उत्तर प्रदेश पीएसी की 10 वाहिनियों के कुल 205 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे, जिससे आयोजन का उत्साह और भी बढ़ गया।
प्रतियोगिता का समापन बुधवार को होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मनोज कुमार सोनकर शामिल होंगे। समापन समारोह दोपहर तीन बजे आयोजित किया जाएगा। इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन सेना नायक मीनाक्षी कात्यायन द्वारा किया गया था, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

