वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र में खुद को आर्मी अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह करने वाले एक शख्स को यूपी STF की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान धर्मेंद्र पांडेय के रूप में हुई है, जिसे सुंदरपुर के पास स्थित ब्रिज एनक्लेव कॉलोनी से पकड़ा गया।
ख़ुफ़िया इनपुट के आधार पर STF की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, आरोपी खुद को आर्मी इंटेलिजेंस का अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेता था। स्थानीय सेना की खुफिया इकाई से मिले इनपुट के आधार पर उत्तर प्रदेश STF की वाराणसी यूनिट ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सेना का फर्जी पहचान पत्र, दो पैन कार्ड और अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इन दस्तावेजों के जरिए वह लोगों को विश्वास में लेकर अपने मंसूबों को अंजाम दे रहा था।
पूछताछ में उसके फर्जी आर्मी अफसर होने का खुलासा हुआ है। फिलहाल STF यह जांच कर रही है कि वह कब से इस फर्जीवाड़े में शामिल था और अब तक कितने लोगों को ठग चुका है। साथ ही उसके संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

