वाराणसी में मंगलवार को मध्य प्रदेश के CM डॉ. मोहन यादव पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद विश्वनाथ कॉरिडोर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं और एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) का अध्ययन किया।
CM मोहन यादव ने किया दर्शन-पूजन
दौरे के दौरान सीएम मोहन यादव ने काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर की व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास का स्तर तेजी से बढ़ा है और काशी इसका प्रमुख उदाहरण है।
CM मोहन यादव होटल रमाडा में आयोजित एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन 2026 की अध्यक्षता करेंगे। इस सम्मेलन का उद्देश्य मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच औद्योगिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देना है।
सम्मेलन में दोनों राज्यों की औद्योगिक क्षमताएं, ओडीओपी (One District One Product) और जीआई टैग उत्पाद, पारंपरिक शिल्प, कृषि एवं खाद्य उत्पाद, पर्यटन और निवेश के अवसरों को एक साझा मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इस दौरान आयोजित प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश के हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्र और औद्योगिक संभावनाएं भी प्रदर्शित की जाएंगी, जिससे निवेशकों और उद्यमियों को जोड़ने का प्रयास होगा।
अपने दौरे के दौरान सीएम ने बरेका में आयोजित होने वाले विक्रमोत्सव महानाट्य मंचन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। यह आयोजन 3 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भारतीय परंपरा और इतिहास को प्रस्तुत किया जाएगा। इस सम्मेलन में उत्पादन, बाजार और पहचान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। साथ ही निवेश, औद्योगिक सहयोग और ओडीओपी आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर रहेगा।

