Bihar News: नालंदा जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मघड़ा गांव स्थित शीतला अष्टमी मंदिर में अचानक मची भगदड़ में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह हादसा शीतला अष्टमी (Bihar News) के मौके पर हुआ, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। अत्यधिक भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई, जिससे लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे और हालात बेकाबू हो गए।
Bihar News: मृतकों में सभी महिलाएं शामिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में सभी महिलाएं बताई जा रही हैं। इनमें सकुन्त बिहार निवासी रीता देवी (50) और मथुरापुर नूरसराय निवासी रेखा देवी (45) की पहचान हो चुकी है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घटना में घायल हुए श्रद्धालुओं को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंदिर में भारी भीड़ थी, लेकिन उसके अनुरूप सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। यही कारण है कि स्थिति अचानक बिगड़ गई और भगदड़ जैसी दुखद घटना हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। फिलहाल प्रशासन भगदड़ के कारणों की जांच कर रहा है।
गौरतलब है कि मघड़ा गांव, बिहार शरीफ से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित है। शीतला अष्टमी के दिन यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता को बासी भोजन का भोग लगाते हैं और दर्शन के लिए लंबी कतारों में पहुंचते हैं, जिससे हर साल भारी भीड़ जुटती है।

