Agra-दिल्ली हाईवे पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब ट्रैक्टरों से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग से टकरा गया और आधा हवा में लटक गया। गनीमत रही कि ट्रेलर नीचे नहीं गिरा, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।
घटना गोविंद नगर क्षेत्र में गोकुल रेस्टोरेंट के पास स्थित गोकुल फ्लाईओवर (Agra) की है। जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर दिल्ली की ओर जा रहा था और उसमें करीब 10 नए ट्रैक्टर लदे हुए थे। सुबह करीब 10 बजे चालक का नियंत्रण अचानक वाहन से हट गया, जिससे ट्रेलर रेलिंग तोड़ते हुए बीच में फंस गया।
आधा ट्रेलर हवा में लटका, मची अफरा-तफरी
हादसे (Agra) के बाद ट्रेलर का अगला हिस्सा हवा में लटक गया, जिसे देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। हालांकि समय रहते बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
Agra: क्रेन से हटाया गया ट्रेलर, यातायात बहाल
पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रेलर को सुरक्षित हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात को सामान्य किया गया। साथ ही ट्रेलर मालिक को भी घटना की सूचना दे दी गई।
गोविंद नगर थाना प्रभारी के अनुसार, प्राथमिक जांच (Agra) में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

