Mau: सरायलखंसी थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक लाई (मुरमुरा) बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फैक्ट्री (Mau) में लाई बनाने का काम होता है। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने में करीब एक से डेढ़ घंटे का समय लगा।
फैक्ट्री मालिक प्रवीण चंद्र मिश्रा के मुताबिक, जब वे मौके पर पहुंचे तो आग तेजी से फैल चुकी थी। उस समय फैक्ट्री में पैकिंग का काम चल रहा था, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया और भारी नुकसान हुआ।
Mau: लाखों के नुकसान का अनुमान, जांच जारी
इस हादसे में फैक्ट्री (Mau) को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही नुकसान और हादसे के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

