Varanasi News: ई केवाईसी के फंदे में फंसा SI का फर्जी कैंडिडेट

Varanasi News:उत्तर प्रदेश पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा 2026 के दौरान वाराणसी में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। परीक्षा केंद्र पर संदिग्ध पाए गए एक युवक से जब सख्ती से पूछताछ की गई और उसकी ई-केवाईसी जांच कराई गई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि वह असली अभ्यर्थी नहीं बल्कि किसी दूसरे उम्मीदवार की जगह परीक्षा देने आया था।

पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड बनवाकर सोनभद्र निवासी पवन कुमार के स्थान पर परीक्षा देने की कोशिश की थी। मामला सामने आने के बाद परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही लक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। देर रात तक उससे पूछताछ की गई और बाद में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

फिरोजाबाद का रहने वाला है आरोपी

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान विमलेश कुमार के रूप में हुई है, जो फिरोजाबाद जिले का रहने वाला है। रविवार को आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा की पहली पाली में वह वाराणसी के सनातन धर्म इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर पवन कुमार के नाम से परीक्षा दे रहा था।

ई-केवाईसी जांच में हुआ खुलासा

जल पुलिस प्रभारी राज किशोर पांडेय की तहरीर के आधार पर लक्सा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में पहुंच गया था। इसी दौरान भर्ती बोर्ड से ईमेल के माध्यम से सूचना मिली कि पवन कुमार नामक अभ्यर्थी की ई-केवाईसी सत्यापित नहीं हो पाई है और वह संदिग्ध लग रहा है।

इसके बाद परीक्षा केंद्र पर दोबारा जांच की गई और उससे आधार कार्ड का लॉक खुलवाने को कहा गया, लेकिन वह टालमटोल करने लगा। इससे अधिकारियों को संदेह हुआ और कड़ाई से पूछताछ की गई। अंततः उसने स्वीकार कर लिया कि वह असली अभ्यर्थी नहीं है और किसी दूसरे उम्मीदवार की जगह परीक्षा देने आया था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे सॉल्वर गैंग या संगठित गिरोह भी हो सकता है।

ALSO READ – भगवान राम काल्पनिक विवाद: वाराणसी कोर्ट में आज तय होगा राहुल गांधी पर केस चलेगा या नहीं

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles