Varanasi News: पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक बनने का सपना देखने वाले हजारों युवाओं ने वाराणसी में आयोजित भर्ती परीक्षा में हिस्सा ही नहीं लिया। शनिवार और रविवार को आयोजित चार पालियों की परीक्षा में 40 हजार से अधिक अभ्यर्थी केंद्रों पर नहीं पहुंचे।
इस भर्ती परीक्षा के लिए शहर के 46 परीक्षा केंद्रों पर कुल 77,760 उम्मीदवारों का पंजीकरण किया गया था।

रविवार की दोनों पालियों का आंकड़ा
रविवार को आयोजित परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक हुई।
पहली पाली में 9,221 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 10,219 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 9,401 उम्मीदवार उपस्थित हुए और 10,039 अभ्यर्थी परीक्षा में नहीं पहुंचे।
शनिवार को भी बड़ी संख्या में रहे गैरहाजिर
शनिवार को हुई दोनों पालियों की परीक्षा में भी 19,933 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे। इस तरह चारों पालियों को मिलाकर कुल 40,191 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल नहीं हुए।

प्रशासन की कड़ी निगरानी
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों की टीमें लगातार निरीक्षण करती रहीं।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल स्वयं केंद्रों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
प्रवेश से पहले सख्त जांच
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले कड़ी जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। पहचान सत्यापन के लिए आधार ऑथेंटिकेशन किया गया और कई वस्तुएं जैसे बेल्ट और कलावा उतरवाकर ही प्रवेश दिया गया।
ALSO READ – वाराणसी में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किए संत कबीर प्राकट्य स्थल के दर्शन, देखी गंगा आरती

