Varanasi News: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने रविवार को वाराणसी के लहरतारा स्थित संत कबीर प्राकट्य स्थल पहुंचकर श्रद्धा के साथ मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने संत कबीरदास के विचारों को आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
राज्यपाल ने कहा कि संत कबीर के संदेश मानवता को जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इस पावन स्थल पर पहुंचकर उन्हें आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ।

पारंपरिक अंदाज में किया गया स्वागत
कबीर प्राकट्य स्थल पर राज्यपाल का स्वागत पारंपरिक तरीके से किया गया। डमरू वादन और पुष्प वर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर गोविंददास शास्त्री, सुमीत सिंह, विनय पांडेय और आशीष गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
परिवार के साथ देखी विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती

वाराणसी प्रवास के दौरान राज्यपाल अपने परिवार के साथ दशाश्वमेध घाट भी पहुंचे और वहां आयोजित गंगा आरती में शामिल हुए। आरती के बाद उन्होंने विजिटर बुक में अपने विचार दर्ज करते हुए लिखा कि मां गंगा की आरती के दर्शन करना उनके लिए एक विशेष और यादगार अनुभव है। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव सुरजीत सिंह और सचिव हनुमान यादव ने राज्यपाल का स्वागत किया।
ALSO READ – IPL 2026 में नहीं दिखेगा इन 5 दिग्गजों का जलवा, रसेल से मैक्सवेल तक बड़े नाम इस सीजन से बाहर

