Varanasi News: शहर में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच शनिवार को सर्किट हाउस में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कैबिनेट मंत्री रविंद्र जायसवाल और जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार की मौजूदगी में शहर में गैस आपूर्ति की स्थिति और उपभोक्ताओं को हो रही संभावित दिक्कतों पर चर्चा की गई।
DM ने कहा- वाराणसी में LPG की कोई कमी नहीं
जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि वाराणसी में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा मंदिर प्रबंधन के साथ शुक्रवार को हुई बैठक में भी गैस की कमी का मुद्दा नहीं उठाया गया था।
डीएम ने कहा कि मंदिर प्रबंधन को जल्द ही गैस उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे वहां की व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि गैस संकट को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर प्रशासन की नजर है और ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
PNG गैस को बढ़ावा देने पर जोर
बैठक में एलपीजी के विकल्प के रूप में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि शहर में पहले से बिछाई गई गैस पाइपलाइन के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
मंत्री ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
कैबिनेट मंत्री रविंद्र जायसवाल ने शहरवासियों की सुविधा के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। 9473656060, 7268071339 इन नंबरों पर नागरिक गैस आपूर्ति से संबंधित अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं और पीएनजी कनेक्शन से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
शहर के 8 जोन में लगेंगे विशेष कैंप
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि रविवार से गेल (GAIL) की ओर से वाराणसी के सभी 8 जोन में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से युद्धस्तर पर पीएनजी गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे शहरवासियों को गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलेगी और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सकेगा।

