Varanasi News: स्कूली छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने 14 मार्च को वाराणसी में अनफिट और बिना वैध परमिट संचालित स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए चार वाहनों को सीज किया गया, जबकि सात वाहनों का चालान किया गया।
परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
कहीं आपका बच्चा भी तो अनफिट वाहन से नहीं जा रहा स्कूल?
प्रवर्तन अभियान के तहत केवल सड़कों पर ही नहीं, बल्कि विभिन्न विद्यालयों में भी जांच की जाएगी। प्रवर्तन दल स्कूल परिसरों का भ्रमण कर वहां संचालित वाहनों का भौतिक सत्यापन करेगा। इस दौरान वाहनों की फिटनेस, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि कई बार अभिभावकों को यह जानकारी नहीं होती कि उनके बच्चों को ले जाने वाला वाहन सभी सुरक्षा मानकों का पालन कर रहा है या नहीं। ऐसे में यह अभियान स्कूल परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की दिशा में जरूरी माना जा रहा है।
स्कूल प्रबंधन को जारी की गई सख्त चेतावनी
परिवहन विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सभी विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके स्कूलों के वाहन वैध फिटनेस प्रमाणपत्र और परमिट के साथ ही संचालित हों। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए और उनका नियमित नेत्र परीक्षण भी समय-समय पर कराया जाए।
सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूल वाहनों में सभी जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन होना जरूरी है। इनमें खिड़कियों पर सेफ्टी ग्रिल या बार, अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार पेटी जैसी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए।
नियम तोड़ने पर दर्ज होगी FIR
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कोई वाहन स्कूल वाहन सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। जो विद्यालय प्रबंधन बार-बार नियमों का उल्लंघन करते हैं या नोटिस और चालान जारी होने के बावजूद अपने वाहनों के दस्तावेज अद्यतन नहीं करते, उनके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाएगी।
यह अभियान एआरटीओ (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन और यात्रीकर अधिकारी अखिलेश पांडेय के नेतृत्व में चलाया गया। अधिकारियों की टीम ने अलग अलग स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की।
ALSO READ – UP IPS Transfer: यूपी में 7 IPS अफसरों का ट्रांसफर, अंकिता शर्मा बनीं बदायूं की नई SSP

