बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी एक बार फिर बाबा बर्फानी (Amarnath Yatra) के भक्तों की सेवा के लिए पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ तैयार है। श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में इस वर्ष भी जम्मू-कश्मीर के अमरनाथ यात्रा मार्ग स्थित चंदनबाड़ी आधार शिविर में 26वां विशाल सेवा भंडारा लगाया जाएगा। जुलाई से रक्षाबंधन तक संचालित होने वाले इस सेवा शिविर में देशभर से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को भोजन, आवास, वस्त्र और अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह बंटी ने शिवाला स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि सेवा अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 20 जून को 10 सदस्यीय पहला सेवादार दल चंदनबाड़ी पहुंचकर टेंट और शिविर तैयार करने का कार्य शुरू कर चुका है। वहीं 28 जून को उनके नेतृत्व में 70 सदस्यीय दूसरा दल विवेक श्रीवास्तव के साथ बेगमपुरा एक्सप्रेस से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगा।
28 जून को निकलेगी 300 से 400 बाइकों की भव्य रैली
सेवादारों के प्रस्थान से पहले 28 जून की सुबह 7:30 बजे लक्सा स्थित एक होटल (कौड़िया अस्पताल के सामने) से 300 से 400 बाइकों की विशाल शोभायात्रा (Amarnath Yatra) निकाली जाएगी। रैली में भगवान शिव के हिम स्वरूप शिवलिंग की झांकी और डमरू दल विशेष आकर्षण होंगे। रैली लक्सा, भेलूपुर, शिवाला, सोनारपुरा, गोदौलिया, बांसफाटक, चौक, मैदागिन और लहुराबीर होते हुए वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” के जयघोष और डमरू की गूंज से माहौल भक्तिमय रहेगा।
बनारसी स्वाद के साथ होगी श्रद्धालुओं की सेवा
समिति (Amarnath Yatra) की ओर से चंदनबाड़ी शिविर में श्रद्धालुओं को बनारसी कचौड़ी, जलेबी, ठंडाई और पान का विशेष स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा पूड़ी-सब्जी, दाल-चावल, पावभाजी, इडली, मसाला डोसा, दूध सहित कई प्रकार के पौष्टिक भोजन पूरे यात्रा काल में निःशुल्क परोसे जाएंगे।
Amarnath Yatra: यात्रियों के ठहरने की विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शिविर में एक समय में लगभग 300 यात्रियों के ठहरने (Amarnath Yatra) की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को कंबल, जूते, मोजे, स्वेटर, शॉल, टोपी, मास्क और अन्य आवश्यक सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कठिन मौसम में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत
समिति अध्यक्ष दिलीप सिंह बंटी ने श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अफवाह से बचने की अपील करते हुए कहा कि अमरनाथ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित है। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात हैं। उन्होंने बताया कि जिन श्रद्धालुओं (Amarnath Yatra) का पहले से पंजीकरण नहीं हो पाया है, उनके लिए जम्मू, श्रीनगर और पहलगाम में ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। समिति अब तक कई श्रद्धालुओं का पंजीकरण कराने में भी सहयोग कर चुकी है।
गुजरात से भी पहुंचेगा सेवा दल
समिति ने बताया कि 10 जुलाई को राजकोट (गुजरात) से भी एक विशेष सेवा दल चंदनबाड़ी पहुंचेगा, जो गुजराती व्यंजनों की व्यवस्था करेगा। इससे देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को विविध प्रकार के भोजन का लाभ मिलेगा।
26 वर्षों से जारी है सेवा का संकल्प
श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति (Amarnath Yatra) पिछले 26 वर्षों से अमरनाथ यात्रियों की निःस्वार्थ सेवा कर रही है। हर वर्ष काशी से बड़ी संख्या में सेवादार चंदनबाड़ी पहुंचकर श्रद्धालुओं की भोजन, आवास और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का ध्यान रखते हैं।
समिति ने काशीवासियों, शिवभक्तों और युवाओं से अपील की है कि वे 28 जून को आयोजित होने वाली बाइक रैली में शामिल होकर सेवादारों का उत्साहवर्धन करें और बाबा बर्फानी की सेवा यात्रा को सफल बनाने में अपना योगदान दें। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं और समाजसेवियों के सहयोग से काशी की यह सेवा परंपरा इस वर्ष भी अमरनाथ यात्रा में अपनी विशिष्ट पहचान कायम रखने जा रही है।

