Varanasi: राजातालाब थाना क्षेत्र के जक्खिनी पुलिस चौकी अंतर्गत मरुई गांव में एक विवाह समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब बारात के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में दूल्हे के पड़ोसी 52 वर्षीय बहादुर राम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया, जबकि शादी की खुशियां पल भर में शोक में बदल गईं।
जयमाल के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार मरुई गांव निवासी हिमांशु राम का विवाह मिर्जापुर जिले के बगहा गांव निवासी रेखा देवी के साथ हो रहा था। विवाह समारोह दूल्हे के घर पर आयोजित था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जयमाल (varanasi) के समय ही लड़की पक्ष के कुछ लोगों का मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। पहले कहासुनी हुई और जयमाल के बाद विवाद मारपीट में बदल गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी की गई जान
मारपीट और शोर-शराबे की आवाज सुनकर घर के बाहर सो रहे पड़ोसी बहादुर राम की नींद खुल गई। बताया जा रहा है कि उन्होंने झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उन्हें घर के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था (varanasi) में पड़ा देखा। उनके सीने पर किसी नुकीली वस्तु से वार किए जाने का निशान मिला।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही जक्खिनी पुलिस मौके पर पहुंची। राजातालाब थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने घायल बहादुर राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल (varanasi) रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Varanasi: परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक बहादुर राम अपने पीछे पत्नी नौरंगी देवी, तीन बेटियां—रंजना देवी, एजोरा देवी और ननका देवी तथा एक पुत्र किशन राम को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
पुलिस (varanasi) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजातालाब थाना प्रभारी दयाशंकर ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में कुछ लोग गोली लगने की बात कह रहे हैं, जबकि मृतक के सीने पर नुकीली वस्तु से वार के निशान मिले हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
घटना के बाद पुलिस ने दूल्हा और दुल्हन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही विवाह समारोह में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस (varanasi) का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

