उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा (UP Police) के अंतिम चरण में वाराणसी एक बार फिर देश के प्रमुख प्रतियोगी परीक्षा केंद्रों में शामिल दिखाई दिया। 8 से 10 जून तक आयोजित भर्ती परीक्षा के दौरान जिले के 50 परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। अंतिम दिन सबसे अधिक चर्चा बिहार से आए अभ्यर्थियों की रही, जिनकी संख्या परीक्षा केंद्रों पर काफी अधिक देखने को मिली।
परीक्षा समाप्त होने के बाद वाराणसी जंक्शन, बनारस स्टेशन और अन्य रेलवे स्टेशनों पर बिहार लौटने वाले अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति यह रही कि बिहार रूट की अधिकांश ट्रेनें पूरी तरह भरी हुई नजर आईं।
भर्ती प्रक्रिया पर जताया भरोसा
परीक्षा देने पहुंचे कई अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बताते हुए यहां अवसर तलाशने की बात कही। बिहार से आई अभ्यर्थी आरती कुमार ने बताया कि वह बिहार पुलिस भर्ती की कई परीक्षाओं (UP Police) में शामिल हो चुकी हैं, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं के बीच सकारात्मक माहौल है, इसलिए उन्होंने यहां आवेदन किया।
बक्सर निवासी विपुल कुमार पांडेय ने बताया कि वह पहले भी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल हो चुके हैं। उनका कहना था कि यदि चयन होता है तो भौगोलिक निकटता के कारण उत्तर प्रदेश में नौकरी करना उनके लिए सुविधाजनक रहेगा।
UP Police: महिला अभ्यर्थियों की भी रही उल्लेखनीय भागीदारी
परीक्षा में बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी भी पहुंचीं। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रयास करने के बाद अब वे उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती के माध्यम से सरकारी सेवा में आने की उम्मीद कर रही हैं। आरा से आए अभ्यर्थी सुभाष कुमार ने कहा कि वह पहली बार उत्तर प्रदेश की किसी भर्ती परीक्षा में शामिल हुए हैं और उन्हें अपने प्रदर्शन पर विश्वास है।
दो पालियों में संपन्न हुई परीक्षा
भर्ती परीक्षा (UP Police) प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चली। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।
पहले दिन 29 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
8 जून को आयोजित परीक्षा में कुल 44,064 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से लगभग 29 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा (UP Police) में शामिल नहीं हुए। पहली पाली में 22,032 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 15,472 ने परीक्षा दी, जबकि 6,560 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी 22,032 अभ्यर्थियों में से 15,339 अभ्यर्थी उपस्थित रहे और शेष अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे।
दूसरे दिन भी अनुपस्थिति का प्रतिशत लगभग समान
9 जून को आयोजित परीक्षा में भी उपस्थिति और अनुपस्थिति का प्रतिशत लगभग पहले दिन जैसा ही रहा। पहली पाली में 15,587 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि लगभग 29.26 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी करीब 28.68 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
परीक्षा समाप्त (UP Police) होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने गृह जिलों के लिए रवाना हुए। इसका सीधा असर रेलवे स्टेशनों पर देखने को मिला। बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही। रेलवे अधिकारियों के अनुसार पिछले तीन दिनों के दौरान बिहार रूट पर यात्री भार में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जिसका मुख्य कारण पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थी रहे।

