Varanasi: सारनाथ थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा कथित रूप से विषाक्त पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। महाराष्ट्र से वाराणसी पहुंची 19 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी के घर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार युवती महाराष्ट्र के पालघर जिले की रहने वाली है। अस्पताल (Varanasi) में दर्ज कराए गए बयान में उसने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से सारनाथ क्षेत्र के पुराना पुल निवासी निहाल राजभर से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में यह संबंध प्रेम संबंध में बदल गया।
25 दिन पहले घर छोड़कर पहुंची थी Varanasi
युवती का आरोप है कि निहाल ने उससे विवाह करने का वादा किया था। इसी भरोसे पर वह करीब 25 दिन पहले अपना घर छोड़कर वाराणसी (Varanasi) पहुंची थी और निहाल के घर गई थी। हालांकि उस समय युवक के परिजनों ने विवाह के लिए सहमति नहीं दी और कथित रूप से उसे भविष्य में शादी कराने का आश्वासन देकर वापस महाराष्ट्र भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि युवती एक बार फिर बुधवार को वाराणसी (Varanasi) पहुंची और सीधे सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। युवती के अनुसार वहां पहुंचने पर उसे अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उसने आरोप लगाया कि युवक के परिजनों ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया और वहां से जाने के लिए कहा।
विषाक्त पदार्थ का कर लिया सेवन
इस घटनाक्रम से आहत होकर युवती घर से निकलकर पंचकोशी क्षेत्र पहुंची, जहां से उसने कथित रूप से चूहा मारने की दवा खरीदी। इसके बाद वह दोबारा प्रेमी के घर पहुंची और वहीं विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
युवती की तबीयत बिगड़ने पर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। युवक की मां ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सारनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेजा गया। अस्पताल सूत्रों (Varanasi) के अनुसार युवती की स्थिति गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी (कैंट) अपूर्व पांडेय तथा मजिस्ट्रेट अस्पताल पहुंचे और युवती का बयान दर्ज किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती के स्वास्थ्य में सुधार लाने पर चिकित्सकीय टीम का पूरा ध्यान केंद्रित है।

