Varanasi कमिश्नरेट पुलिस ने वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने ऐसे पुलिसकर्मियों की निगरानी शुरू कर दी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निलंबन समेत कड़ी विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कमिश्नरेट में तैनात महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। निगरानी के दायरे में महिला आरक्षी, उपनिरीक्षक, निरीक्षक समेत विभिन्न रैंक के अधिकारी शामिल हैं। विशेष रूप से नए पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
Varanasi: नियम तोड़ने पर निलंबन की चेतावनी
हाल ही में आयोजित क्राइम मीटिंग में पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया से जुड़ी नई गाइडलाइन और विभागीय नियमों की जानकारी दी थी। निर्देशों के अनुसार कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में, थाने या चौकी परिसर में, ड्यूटी (Varanasi) के दौरान अथवा सरकारी हथियारों के साथ फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा नहीं कर सकता।
बीते कुछ समय में काशी और वरुणा जोन में तैनात कुछ महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी में बनाई गई रील्स और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने निगरानी और कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी है। पुलिस मुख्यालय की ओर से भी वर्दी की गरिमा और विभागीय अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
विभागीय सूत्रों (Varanasi) का कहना है कि ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिन्हित किया जा रहा है, जहां पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान या वर्दी में रील्स और वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस प्रकार की गतिविधियां विभाग की छवि और अनुशासन दोनों को प्रभावित करती हैं।
वाराणसी (Varanasi) अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) शिवहरी मीणा ने कहा कि वर्दी में रील्स बनाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान की जा रही है और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से ड्यूटी और वर्दी की गरिमा बनाए रखने तथा सोशल मीडिया पर ऐसे कंटेंट साझा करने से बचने की अपील की है।

