Varanasi के बहुचर्चित दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत शनिवार को एक बार फिर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया गया। कुछ दिनों की शांति और त्योहारों के दौरान कार्रवाई स्थगित रहने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम ने 15 नए मकानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इसके अलावा तीन पुराने भवनों को भी गिराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कार्रवाई को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी (Varanasi) के नेतृत्व में करीब 200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर ध्वस्तीकरण कार्य कराया गया।
Varanasi: रजिस्ट्री प्रक्रिया के बाद तेज हुई कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार बकरीद और अन्य धार्मिक आयोजनों को देखते हुए कुछ दिनों के लिए अभियान रोका गया था। इस दौरान चौक थाने (Varanasi) परिसर में स्थापित पीडब्ल्यूडी के कैंप कार्यालय में प्रभावित मकान मालिकों की रजिस्ट्री और अन्य औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। हाल ही में पूरी हुई रजिस्ट्रियों के आधार पर शनिवार को नए चरण की कार्रवाई शुरू की गई।

मौके पर एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे अभियान की निगरानी करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्धारित योजना के अनुसार ध्वस्तीकरण (Varanasi) कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
गौरतलब है कि दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत अब तक 60 से अधिक मकानों को ध्वस्त किया जा चुका है, जबकि 40 से ज्यादा भवनों पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। परियोजना के लिए कुल 181 मकान चिह्नित किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि निर्धारित योजना के अनुसार आगे भी चरणबद्ध तरीके से ध्वस्तीकरण और चौड़ीकरण का कार्य जारी रहेगा।

