Varanasi: मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। मड़ौली इलाके में बदमाशों ने एक ड्राई फ्रूट गोदाम को निशाना बनाते हुए जाली काटकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक मड़ौली निवासी आकाश कुमार केशरी का नाथूपुर क्षेत्र में “वीवी मार्ट” नाम से प्रतिष्ठान है, जबकि उनका ड्राई फ्रूट गोदाम मड़ौली (Varanasi) में स्थित है। बुधवार रात बदमाश गोदाम की जाली काटकर अंदर घुस गए और वहां रखे काजू, बादाम समेत अन्य महंगे ड्राई फ्रूट चोरी कर फरार हो गए।
काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची
गुरुवार सुबह जब व्यापारी गोदाम पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
व्यापारी ने मंडुवाडीह थाने (Varanasi) में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि मंडुवाडीह इलाके में लगातार चोरी, बाइक चोरी, साइबर फ्रॉड और मारपीट जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है।
Varanasi: क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर उठे सवाल
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई आपराधिक घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का कहना है कि अब तालाबंद मकान और व्यापारिक प्रतिष्ठान भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं।
क्षेत्रीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन (Varanasi) से जल्द घटना का खुलासा करने, गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

