Bihar के पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित उमानाथ गंगा घाट के पास गुरुवार सुबह बड़ा नाव हादसा हो गया। गंगा नदी में नाव पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और राहत-बचाव कार्य तेज कर दिया गया।
Bihar: तेज हवा के चलते बीच नदी में पलटी नाव
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिंद टोली के 14 लोग नाव के जरिए समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर दियारा क्षेत्र में खेती और परवल तोड़ने के काम से गए थे। काम खत्म करने के बाद सभी लोग नाव से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गंगा नदी में तेज हवा और असंतुलन के कारण नाव पलट गई।
हादसे (bihar) के बाद नदी में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद नाविकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं अब तक तीन लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि चार अन्य लोगों की तलाश जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। एसडीएम गरिमा लोहिया, एसडीपीओ तथा थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह सहित अन्य अधिकारी राहत और बचाव कार्य की निगरानी में जुटे रहे।
मौके पर एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। जिला प्रशासन की ओर से Patna और Samastipur प्रशासन संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान संचालित कर रहे हैं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि तेज हवा और नदी की तेज धार के कारण हादसा हुआ।

