Lucknow में शुक्रवार को एक अनोखी पहल देखने को मिली, जब जिले के करीब 70 जज साइकिल से अदालत पहुंचे। बढ़ती पेट्रोल-डीजल खपत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला जज मलखान सिंह ने किया, जबकि राजेश चौहान ने हरी झंडी दिखाकर इस पहल की शुरुआत कराई।
सुबह डालीबाग स्थित जिला जज आवास पर सभी न्यायिक अधिकारी एकत्र हुए। इसके बाद सुबह करीब 9 बजे साइकिल रैली के रूप में सभी कोर्ट के लिए रवाना हुए। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों ने आम लोगों को ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
Lucknow: पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी जरूरत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जस्टिस राजेश चौहान ने कहा कि इस तरह की पहल समाज में सकारात्मक बदलाव और जागरूकता लाने के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है और हर व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
इस अभियान (Lucknow) की खास बात यह रही कि जिन जजों को साइकिल चलाना नहीं आता था, वे ई-रिक्शा के माध्यम से अदालत पहुंचे। वहीं कई अधिवक्ता भी इस पहल से जुड़े और साइकिल या ई-रिक्शा से कोर्ट पहुंचे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुंवर मित्रेष सिंह कुशवाहा ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को बढ़ते ईंधन संकट और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी इस तरह के अभियान जारी रखे जाएंगे।
बताया जा रहा है कि यह पहल प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी अपील से प्रेरित है। न्यायिक अधिकारियों (Lucknow) ने इस माध्यम से लोगों को वैकल्पिक परिवहन साधनों को अपनाने का संदेश दिया।

