Varanasi में आंधी और बारिश के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 16 से 19 मई तक जिले में लू चलने की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में तीखी धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का तापमान (Varanasi) सामान्य से करीब 2.6 डिग्री कम रहा। दिनभर लगभग 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं और हवा में नमी 60 प्रतिशत से अधिक बनी रही।
Varanasi: पूर्वांचल में यलो अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग के यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने काशी समेत पूर्वांचल के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले एक-दो दिनों में वाराणसी (Varanasi) लू की चपेट में आ सकता है। उन्होंने बताया कि अगले छह से सात दिनों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 मई तक अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे दोपहर के समय गर्म हवाओं का असर काफी बढ़ जाएगा।
आंधी-बारिश से हुआ नुकसान
बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश के बाद जिला प्रशासन ने नुकसान का आकलन कराया। रिपोर्ट के मुताबिक एक व्यक्ति घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल (Varanasi) में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा छह पशुओं की मौत हुई है और 14 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। चार पशुबाड़ों को भी नुकसान पहुंचा है।
तेज गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

