वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘पेट्रोल बचाओ’ आह्वान को लेकर BJP काशी क्षेत्र पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने गुरुवार को अनोखा जागरूकता अभियान चलाया। नई सड़क स्थित कोदई चौकी से शुरू हुए इस अभियान में कार्यकर्ताओं ने इलेक्ट्रिक स्कूटी जुलूस निकालकर लोगों को ईंधन बचाने और वैकल्पिक ऊर्जा अपनाने का संदेश दिया।

रैली निकालकर BJP कार्यकर्ताओं ने किया जागरूक
कार्यक्रम का नेतृत्व BJP पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अनुप जायसवाल ने किया। जुलूस कोदई चौकी से शुरू होकर गिरजाघर स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ता “देश हित के वास्ते मोदी जी के रास्ते” जैसे नारों के साथ लोगों को जागरूक करते नजर आए।

पेट्रोल पंप पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल भरवाने आए लोगों का माल्यार्पण किया और उनसे जरूरत के अनुसार ही ईंधन उपयोग करने की अपील की। साथ ही वाहनों पर जागरूकता संबंधी स्टिकर भी लगाए गए। अभियान में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग, कार पूलिंग और कम दूरी के लिए पैदल चलने का संदेश प्रमुख रूप से दिया गया।
पीएम की अपील देशहित से जुडी
BJP के अनुप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील देशहित से जुड़ी हुई है और हर नागरिक को ईंधन बचत के लिए अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, लोग बैटरी से चलने वाले वाहनों का उपयोग करें और अनावश्यक पेट्रोल-डीजल की खपत से बचें।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल की बचत केवल आर्थिक जरूरत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी है। अभियान के जरिए लोगों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि छोटे-छोटे प्रयासों से देश ऊर्जा संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव ला सकता है।

