Varanasi: पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के मंडुवाडीह क्षेत्र स्थित मड़ौली अधिशासी अभियंता कार्यालय में शुक्रवार को एंटी करप्शन टीम ने छापेमारी कर एक क्लर्क को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी कर्मचारी की पहचान सौरभ जैन के रूप में हुई है, जो उपभोक्ता के बिजली बिल में हेरफेर कर कम भुगतान का बिल जनरेट कराने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। मामले की शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम (Varanasi) ने पहले सत्यापन किया और फिर जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
एक्सईएन कार्यालय में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई अधिशासी अभियंता कार्यालय मड़ौली में की गई। टीम ने आरोपी को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। साथ ही कार्यालय से जरूरी दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी कब्जे में लिए गए हैं।
Varanasi: लालपुर थाने लाई गई टीम
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लालपुर थाना (Varanasi) लाया गया। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने और औपचारिक प्रक्रिया के बाद मामले की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरातफरी का माहौल बना रहा। एंटी करप्शन टीम (Varanasi) अब यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में अन्य किसी कर्मचारी की संलिप्तता तो नहीं है।

