Varanasi: शिवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर चेन स्नैचर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट के रुपये और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, शिवपुर इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ रिंग रोड सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास (Varanasi) के पास चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। घेराबंदी के दौरान बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान भेलूपुर किरहिया निवासी बादल साहनी पुत्र अनिल साहनी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेज दिया।
Varanasi: महिला से चेन लूट की वारदात कबूली
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी अमन यादव के साथ मिलकर 30 अप्रैल 2026 को विश्वनाथपुरी कॉलोनी (Varanasi) में एक महिला के गले से चेन लूटी थी। वारदात के बाद दोनों आरोपी सेंट्रल जेल रोड की तरफ फरार हो गए थे।
आरोपी ने यह भी बताया कि लूटी गई चेन को एक ज्वैलर्स के यहां बेच दिया गया था और मिले पैसों का कुछ हिस्सा नशे में खर्च कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिना नंबर प्लेट की बाइक का इस्तेमाल कर वारदातों को अंजाम देते थे और फिर से लूट की योजना बना रहे थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस, 3630 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस (Varanasi) अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए हैं।

