Varanasi: लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट स्थित मारुति नगर मलहिया की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर लंका थाने में तीनों आरोपितों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता सुमेधा पांडेय ने पुलिस (Varanasi) को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व ककरमत्ता निवासी अभिनव पांडेय के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह समारोह में उसके परिजनों द्वारा लगभग 25 लाख रुपये नकद सहित लाखों रुपये खर्च किए गए थे। शादी के शुरुआती दिनों के बाद ही पति अभिनव पांडेय, ससुर नरेंद्र पांडेय और सास नीलम पांडेय अतिरिक्त 25 लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाने लगे।
Varanasi: मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित
आरोप है कि मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता का कहना है कि कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई और उसे अपमानित कर घर से निकालने की धमकी दी गई। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर लंका थाने में पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले (Varanasi) की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

