MP News: जबलपुर के बरगी डैम में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब सैलानियों से भरा क्रूज अचानक डूब गया। इस दुर्घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 22 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं 6 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज आंधी-तूफान के कारण क्रूज संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते डैम के पानी में डूब गया। हादसे के समय क्रूज में करीब 29 से 31 लोग सवार थे। अचानक बिगड़े मौसम ने हालात को और भी गंभीर बना दिया।
हादसे (MP News) के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार अभियान में जुटी हैं। रातभर चले ऑपरेशन के दौरान कई शव बरामद किए गए और डूबे हुए क्रूज के नीचे से भी एक महिला का शव निकाला गया। बताया जा रहा है कि क्रूज में मौजूद लाइफ सेविंग जैकेट के कारण 22 लोगों की जान बचाई जा सकी। हालांकि तेज हवाओं और गहरे पानी के चलते बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
MP News: सरकार का रुख और मुआवजा
मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने संबंधित मंत्रियों और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा ले चुके हैं। उन्होंने बताया कि खराब मौसम, अंधेरा और गहराई के कारण शुरुआती घंटों में बचाव कार्य प्रभावित हुआ, लेकिन अब विशेषज्ञ टीमें पूरी क्षमता से जुटी हैं। फिलहाल लापता लोगों (MP News) की खोज के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रशासन का कहना है कि सभी को खोजने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

