Varanasi समेत पूरे पूर्वांचल में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह तक तेज धूप और गर्मी का असर बना रहा, लेकिन दोपहर बाद घने बादलों ने आसमान को ढक लिया और कई इलाकों में अंधेरा छा गया। तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी और बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
भदोही से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला
पूर्वांचल में मौसम का बदलाव सबसे पहले भदोही में देखने को मिला, जहां तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। आंधी का असर इतना तेज था कि आम के पेड़ों पर लगे टिकोरे भी झड़ने लगे। इसके बाद वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम तेजी से बदला। कई इलाकों में तेज आंधी के कारण पेड़ गिरने और बिजली के तार टूटने की घटनाएं सामने आईं। अचानक बदले मौसम ने जहां आम लोगों को राहत दी, वहीं किसानों के बीच फसलों को लेकर चिंता भी बढ़ा दी।
Varanasi: तापमान में आई गिरावट, बढ़ी नमी
बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 38.8°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.3°C रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है। आर्द्रता (Varanasi) का स्तर 34% से बढ़कर 66% तक पहुंच गया, जिससे वातावरण में नमी बढ़ी और बादलों की सक्रियता भी तेज हुई। दोपहर करीब ढाई बजे के बाद बादलों की सक्रियता बढ़ी और तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई। बादलों के कारण लू का असर पूरी तरह खत्म हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग (Varanasi) के अनुसार, आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। स्थानीय गर्मी (लोकल हीटिंग) और बढ़ती नमी के कारण बादलों की सक्रियता जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। फसलों को नुकसान की आशंका के चलते ग्रामीण इलाकों में सतर्कता बढ़ गई है।

