भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को मिर्जापुर स्थित विंध्याचल धाम पहुंचकर मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया।
BJP कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
विंध्याचल पहुंचने से पहले नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। अटल चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया।
दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत में BJP अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि “बंगाल के लिए आज का दिन बेहद खास है। वहां प्रचंड बहुमत की सरकार बनने जा रही है।” जब उनसे पूछा गया कि क्या BJP सरकार बना रही है, तो उन्होंने दोहराते हुए कहा कि “बंगाल में प्रचंड बहुमत की सरकार बनने जा रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान होना है और उन्होंने जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें, ताकि प्रदेश सुरक्षित और सशक्त बन सके।
BJP अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने विंध्याचल दौरे को लेकर कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें मां विंध्यवासिनी के दर्शन का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा की अनुभूति होती है।

