PM नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय काशी दौरे के दूसरे दिन वाराणसी में आस्था, उत्साह और जनसैलाब का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और करीब 20 मिनट तक गर्भगृह में रहकर बाबा का अभिषेक किया।
मंदिर पहुंचने से पहले PM का लगभग 14 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो हुआ, जिसने इसे ऐतिहासिक बना दिया। बरेका से लेकर काशी विश्वनाथ धाम तक पूरे मार्ग पर लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। “हर-हर महादेव” और “मोदी-मोदी” के नारों से पूरी काशी गूंज उठी।
प्रधानमंत्री मोदी के काफिले के गुजरते ही लोगों ने छतों और बालकनियों से फूलों की वर्षा की। जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों पर झूमते नजर आए। सुरक्षा कारणों से पीएम कहीं नहीं रुके, लेकिन उन्होंने लगातार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
बरेका गेट, हाकी चौराहा, लहुराबीर, मैदागिन होते हुए काफिला विश्वनाथ धाम पहुंचा, जहां हर पड़ाव पर भव्य स्वागत किया गया। PM के आगमन को लेकर सुबह से ही कार्यकर्ताओं और आम लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
20 मिनट तक गर्भगृह में PM ने की पूजा-अर्चना
मंदिर पहुंचने पर 108 बटुकों ने शंखनाद कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। मंत्रोच्चार और डमरू की गूंज के बीच पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। मुख्य अर्चकों ने षोडशोपचार विधि से पूजा कराई और पीएम को माला पहनाकर तिलक लगाया। PM ने वैदिक मंत्रों के बीच बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और पूजन कर देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने आरती उतारी और श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।
पीएम मोदी पूजा के बाद मंदिर से बाहर निकले तो विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने उन्हें त्रिशूल भेंट किया। मेयर ने डमरू दिया। मंत्री अनिल राजभर ने स्मृति चिह्न दिया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने त्रिशूल लहराकर लोगों का अभिवादन किया, जो वहां मौजूद श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बन गया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी की, जिससे बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री का यह दौरा कई मायनों में खास रहा। यह उनके 11 वर्षों के कार्यकाल में काशी का 54वां दौरा था, जबकि वर्ष 2026 का यह पहला काशी दौरा रहा। इससे पहले वह नवंबर 2025 में यहां आए थे। काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन के बाद PM वाराणसी से हरदोई के लिए रवाना हो गए, जहां वह गंगा एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले हैं।

