PM नरेन्द्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच गए। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पुष्पगुच्छ देकर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। एयरपोर्ट पर भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे
एयरपोर्ट से PM हेलीकॉप्टर के जरिए बनारस लोकोमोटिव वर्क्स ग्राउंड (बरेका) पहुंचे, जहां वे लगभग 40 हजार महिलाओं को संबोधित करेंगे। यहां आयोजित महिला सम्मेलन में वे काशी की प्रबुद्ध महिलाओं से संवाद भी करेंगे।
PM देंगे 6300 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
PM मोदी अपने इस दौरे में करीब 6332 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 1054 करोड़ से अधिक की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5277 करोड़ से अधिक की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। साथ ही बनास (अमूल) से जुड़े लाखों दुग्ध उत्पादकों को 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर करेंगे।
महिला सम्मेलन के बाद प्रधानमंत्री मंडुआडीह स्टेशन जाकर दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह पहल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी। रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन सुबह प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। इस दौरान बरेका से बाबा धाम तक उनका भव्य रोड शो भी प्रस्तावित है, जिसे करीब 14 किलोमीटर लंबा बताया जा रहा है।

