PM नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले काशी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी वाराणसी पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।
PM के आगमन से पहले तैयारी पूरी
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। स्वागत के दौरान विधायक डॉ. अवधेश सिंह, शैलेंद्र किशोर पांडेय, प्रदीप जायसवाल, पवन सिंह और डॉ. सोभानाथ यादव समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के वाराणसी आगमन पर भी भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं उनकी अगवानी की। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से पूरी तरह गुलजार नजर आया।
PM के कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय है। लगातार बड़े नेताओं का काशी पहुंचना इस बात का संकेत है कि पार्टी इस दौरे को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।

