आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार से संबद्ध राष्ट्रीय रियल एस्टेट विकास परिषद (NAREDCO) ने लखनऊ में आयोजित कॉन्फ्रेंस के दौरान उत्तर प्रदेश की नई टीम का ऐलान किया। इस दौरान रियल एस्टेट सेक्टर में सुधार और नई योजनाओं को लेकर भी मंथन किया गया। काउंसिल ने युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
वाराणसी के निवासी निलेश दुबे को NAREDCO नेक्स्टजेन का यूपी चेयरमैन नियुक्त किया गया है। उन्हें यह जिम्मेदारी वर्ष 2028 तक सौंपी गई है। बैठक के दौरान यूपी अध्यक्ष डॉ. आदित्य शुक्ला और अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें औपचारिक रूप से पदभार सौंपा।
NAREDCO: शिक्षा और पेशेवर पृष्ठभूमि
निलेश दुबे ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक (ऑनर्स) किया है, जबकि Indian Institute of Technology Delhi से उद्यमिता प्रबंधन की पढ़ाई की है। वह यूनिक स्पार्क इंफ्रा के निदेशक हैं और चंद्रप्रभा रियल्टी से भी जुड़े हुए हैं। उनका परिवार पिछले 45 वर्षों से रियल एस्टेट क्षेत्र में सक्रिय रहा है।
पारदर्शिता और निवेश पर रहेगा फोकस
निलेश दुबे ने कहा कि NAREDCO, केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत कार्य करता है। उनकी प्राथमिकता पारदर्शिता, निवेशकों का विश्वास, खरीदारों का भरोसा और बेहतर नीति संवाद स्थापित करना होगा।
उन्होंने कहा कि रियल एस्टेट केवल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोजगार, आवास, निवेश और बुनियादी ढांचे का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में युवा नेतृत्व के आने से इस क्षेत्र में नई ऊर्जा, बेहतर समन्वय और विकास की संभावनाएं मजबूत होंगी।

