Varanasi: चौबेपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। सन्दहां स्थित रिंग रोड चौराहे के पास बालू-गिट्टी मंडी में डंपर के पहिए के नीचे आकर एक खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनभद्र के राबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र निवासी चालक धीरज यादव डंपर में गिट्टी लादकर सन्दहां चौराहे (Varanasi) की मंडी में पहुंचा था। उसके साथ घोरावल क्षेत्र के पेड़े गांव निवासी करीब 25 वर्षीय परमेश्वर खलासी के रूप में मौजूद था। शनिवार सुबह गिट्टी गिराने के बाद चालक वाहन लेकर वापस लौट रहा था।
Varanasi: संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि सन्दहां चौराहे पर पुल के नीचे से आशापुर की ओर जाने की कोशिश के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने नो-एंट्री होने के कारण डंपर को रोक दिया। इसके बाद चालक वाहन को मोड़ने के लिए बैक करने लगा। इसी दौरान खलासी परमेश्वर नीचे उतरकर उसे साइड बता रहा था।
इसी बीच अचानक संतुलन बिगड़ने से वह डंपर के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। भारी वाहन के नीचे आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना मिलते ही चिरईगांव चौकी प्रभारी महेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया है।

