उदय प्रताप कॉलेज (UP College) में 20 मार्च को छात्र सूर्य प्रताप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के बाद छात्रों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित खून से पत्र लिखकर न्याय की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि हत्या में इस्तेमाल पिस्टल उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उनका कहना है कि जब तक इस पूरे नेटवर्क का खुलासा नहीं होगा, तब तक न्याय अधूरा रहेगा।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट का आरोप
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी मनजीत चौहान के भाई द्वारा सोशल मीडिया पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर माहौल खराब किया जा रहा है। छात्रों ने उसकी भी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
छात्रों (UP College) ने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जांच के लिए एडीएम आलोक वर्मा को एक महीने का समय दिया था, लेकिन अब तक जांच की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इसे आदेशों की अनदेखी बताया जा रहा है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि पुलिस इस मामले में ढिलाई बरत रही है और जांच को सही दिशा में आगे नहीं बढ़ाया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की लीपापोती की जा रही है।
UP College: क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि 20 मार्च को करीब 11:30 बजे बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र (UP College) सूर्य प्रताप सिंह की कॉलेज परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आरोपी छात्र मनजीत सिंह को पुलिस ने घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसके एक साथी अनुज मौर्य ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था।
घटना के बाद परिसर में उग्र प्रदर्शन हुआ था, जिसमें कई शिक्षक घायल हुए और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

