Varanasi Weather: वाराणसी समेत पूर्वांचल में गर्मी ने अप्रैल में ही अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शहर का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। आमतौर पर मई-जून में पड़ने वाली भीषण गर्मी इस बार समय से पहले ही महसूस की जा रही है।
दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा
तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दिन चढ़ते ही हालात मुश्किल हो जा रहे हैं। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी (Varanasi Weather) के कारण शरीर में जलन, थकान और कमजोरी की शिकायतें भी बढ़ रही हैं, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के भू-भौतिकी विभाग के मौसम वैज्ञानिक मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार पछुआ हवा के प्रभाव से तापमान लगातार बढ़ रहा है। करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा गर्मी (Varanasi Weather) के असर को और तेज कर रही है।
अगले सप्ताह 42°C तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, यदि मौजूदा परिस्थितियां बनी रहीं तो अगले सप्ताह तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल किसी सक्रिय मौसम प्रणाली (Varanasi Weather) के अभाव में बारिश की संभावना नहीं है, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है।
Varanasi Weather: डॉक्टरों ने दी यह सलाह
- तेज धूप में बाहर निकलने से बचें
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
- हल्के और सूती कपड़े पहनें
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें

