वाराणसी। धर्म की नगरी काशी में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर जहाँ एक ओर पूरा शहर भक्तिमय है, वहीं दूसरी ओर जिस्मफरोशी का काला कारोबार करने वाले भी सक्रिय हैं। वाराणसी पुलिस की SOG टीम ने सोमवार को राजातालाब (गोमती जोन) के कचनार स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है।
CP के हेल्पलाइन नंबर पर मिली थी गुप्त सूचना
यह पूरी कार्रवाई वाराणसी के पुलिस कमिश्नर (CP) द्वारा जारी किए गए संवाद नंबर पर मिली एक गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही SOG और स्थानीय पुलिस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कचनार स्थित स्पा सेंटर पर धावा बोला। अचानक हुई इस छापेमारी से वहां भगदड़ मच गई।
मौके से आपत्तिजनक सामग्री और गिरफ्तारियां
पुलिस ने स्पा सेंटर के अंदर से 3 महिलाओं और 2 ग्राहकों को हिरासत में लिया है। तलाशी के दौरान मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस धंधे के मुख्य संचालक और अन्य कड़ियों का पता लगाया जा सके।
अपराध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। जनता द्वारा दी गई सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। — मोहित अग्रवाल सीपी, वाराणसी
इलाके में मचा हड़कंप
रिहायशी इलाके कचनार में चल रहे इस अनैतिक कार्य के खुलासे के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का बाजार गर्म है। पुलिस अब स्पा सेंटर के लाइसेंस और उसके मालिक के दस्तावेजों की जांच कर रही है।

