
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी के कायाकल्प के लिए नगर निगम ने अपना पिटारा खोल दिया है। रविवार को टाउनहाल में महापौर अशोक तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित सदन की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2262.42 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट को मंजूरी दे दी गई। इस बजट का मुख्य फोकस शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं को आधुनिक बनाने पर है।
अवैध खुदाई पर नगर निगम सख्त : सीधे होगी FIR
सदन में महापौर ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया कि अब शहर की सड़कों को बेतरतीब ढंग से खोदना महंगा पड़ेगा। पीडब्ल्यूडी (PWD), गेल (GAIL), बिजली विभाग या कोई भी निजी केबल ऑपरेटर यदि बिना पूर्व अनुमति के सड़क खोदता पाया गया, तो नगर निगम उनके खिलाफ सीधे एफआईआर (FIR) दर्ज कराएगा। काशी की गलियों और सड़कों को सुरक्षित रखने के लिए यह कड़ा फैसला लिया गया है।
https://www.facebook.com/share/v/1C3M6rpprk
बजट का गणित: विकास को मिलेगी नई रफ्तार
नगर निगम के कुल 2262.42 करोड़ के बजट में दो मुख्य हिस्से शामिल हैं:
- नगर निगम सामान्य: 1949.40 करोड़ रुपये
- जलकल विभाग: 313.02 करोड़ रुपये
सफाई और रोशनी पर विशेष जोर
शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा उठान और यूजर चार्जेस मद में 66.17 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है। आधुनिक मशीनों के जरिए सफाई व्यवस्था को सुधारा जाएगा। वहीं, काशी की अंधेरी गलियों को दूधिया रोशनी से नहलाने के लिए विद्युत एवं ऊर्जा मद में 21 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
जलकल और सीवर: घर-घर पहुंचेगा शुद्ध पानी
जलकल विभाग के 313.02 करोड़ के बजट से शहर का सीवर नेटवर्क और मजबूत होगा।
- पुराने नलकूपों की मरम्मत और नई पाइपलाइन का विस्तार होगा।
- अमृत योजना के तहत बिछी सीवर लाइनों के मेंटेनेंस के लिए फंड बढ़ाया गया है।
- सीवर पंपिंग स्टेशनों के आधुनिकीकरण पर विशेष निवेश किया जाएगा।
पार्कों और ऐतिहासिक कुओं का होगा संरक्षण
पार्षदों की मांग पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने आश्वस्त किया कि बजट में शहर के पार्कों के साथ-साथ पारंपरिक जल स्रोतों यानी पुराने कुओं की सफाई और संरक्षण के लिए भी विशेष फंड रखा गया है। पार्कों में नई लाइटें, बैठने की व्यवस्था और हरियाली बढ़ाई जाएगी।
10 मनोनीत पार्षदों ने ली शपथ
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले महापौर अशोक तिवारी ने शासन द्वारा मनोनीत 10 पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में कमलेश पाल, रामशंकर सिंह पटेल, संजीव चौरसिया व अन्य शामिल रहे।

बजट सत्र के दौरान उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद सुरेश चौरसिया, सिंधु सोनकर, इर्देश कुमार और राजेश यादव ‘चल्लू’ ने भी शहर की समस्याओं और विकास कार्यों पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।

