Varanasi News : चैत्र नवरात्र के पावन पर्व को देखते हुए वाराणसी में मीट, मुर्गा और मछली की सभी दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में सोमवार को सिगरा स्थित वाराणसी स्मार्ट सिटी सभागार में हुई समीक्षा बैठक में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया।
महापौर ने बैठक में साफ कहा कि नवरात्र के नौ दिनों तक नगर निगम सीमा में आने वाली सभी मीट-मछली की दुकानें बंद रहेंगी और इस आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा, यह फैसला श्रद्धालुओं की भावनाओं और शहर की आस्था को ध्यान में रखकर लिया गया है।
मंदिर मार्गों पर सफाई और मरम्मत के सख्त निर्देश
महापौर ने सभी प्रमुख देवी मंदिरों (जैसे संकट मोचन, दुर्गा कुंड, विश्वेश्वर मंदिर आदि) की ओर जाने वाले रास्तों का तत्काल निरीक्षण कराने और गड्ढों की मरम्मत (पैच वर्क) का आदेश दिया। सड़कों के किनारे नियमित चूने का छिड़काव कर स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जलकल और प्रकाश व्यवस्था पर फोकस
जलकल विभाग को चेतावनी दी गई कि नवरात्र के दौरान कहीं भी सीवर ओवरफ्लो नहीं होना चाहिए और पेयजल की आपूर्ति निर्बाध रहे। आलोक विभाग को निर्देश दिए गए कि मंदिरों से जुड़े सभी मार्गों पर स्ट्रीट लाइट्स और मार्ग प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया। बैठक में अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, पियूष नेहरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

