ईरान-इजराइल तनाव के बीच भारत से दुबई की फ्लाइट्स कैंसिल, एयर इंडिया-स्पाइसजेट-इंडिगो ने रद्द की कई उड़ानें

Dubai Flights Cancelled: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच जारी तनाव तथा हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों के चलते भारतीय विमानन कंपनियों ने दुबई और अबू धाबी के लिए कई उड़ानें रद्द करने का फैसला किया है।

एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और स्पाइसजेट ने रविवार को संयुक्त अरब अमीरात जाने वाली कई उड़ानों को रद्द कर दिया। एयरलाइंस का कहना है कि यूएई के एयरपोर्ट अधिकारियों की ओर से जारी नए निर्देशों और हवाई क्षेत्र में प्रतिबंधों के कारण यह कदम उठाना पड़ा है।

दुबई के लिए कई उड़ानें रद्द

एयर इंडिया समूह के अनुसार दिल्ली से दुबई के बीच चलने वाली पांच उड़ानों में से चार को रद्द कर दिया गया है। फिलहाल सिर्फ एक वापसी उड़ान ही संचालित की जाएगी। इसी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी दुबई के लिए अपनी छह में से पांच उड़ानें रद्द कर दी हैं। वहीं अबू धाबी के लिए निर्धारित सभी पांच उड़ानों को भी फिलहाल रद्द कर दिया गया है।

हालांकि एयरलाइन शारजाह से दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, कोझिकोड, मुंबई और तिरुवनंतपुरम के लिए उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है। इसके अलावा रस अल खैमाह से कोझिकोड और कोच्चि के लिए भी उड़ानें चल सकती हैं, लेकिन यह एयरपोर्ट स्लॉट और समय की उपलब्धता पर निर्भर करेगा।

इंडिगो और स्पाइसजेट ने भी जारी की एडवाइजरी

इंडिगो ने भी दुबई के लिए अपनी उड़ानों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान का स्टेटस जरूर जांच लें। कंपनी ने कहा कि हालात सामान्य होने पर धीरे-धीरे सेवाएं फिर से शुरू की जाएंगी।

वहीं स्पाइसजेट ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालात के कारण दुबई आने-जाने वाली उड़ानों के समय में बदलाव या रद्द होने की संभावना है। एयरलाइन यात्रियों को फोन और ईमेल के माध्यम से जानकारी दे रही है।

यात्रियों को रिफंड या रीशेड्यूल का ऑप्शन

जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुई हैं, उन्हें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी टिकट अगली तारीख के लिए रीशेड्यूल कराने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया गया है। एयर इंडिया समूह ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

टिकट पर बढ़ा ईंधन सरचार्ज

इससे पहले एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 12 मार्च से घरेलू और दक्षिण एशियाई उड़ानों पर 399 रुपये का ईंधन सरचार्ज लागू करने की घोषणा भी की थी। एयरलाइंस का कहना है कि वैश्विक हालात और ईंधन लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है।

ALSO READ – अवसरवादी मतलब पंडित? UP पुलिस भर्ती परीक्षा के सवाल पर बवाल- अजय राय ने सरकार को घेरा

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest Articles