Varanasi News: वाराणसी के जिला अस्पताल से जुड़ा एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। दीन दयाल उपाध्याय जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में कर्मचारियों के शराब पीने और सिगरेट पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि करीब 20 सेकेंड के दो वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पैथोलॉजी लैब के अंदर तीन लोग बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि चौथा व्यक्ति वीडियो बना रहा है। वीडियो में लैब की मशीनों के बीच टेबल पर शराब के तीन गिलास और चखना रखा नजर आ रहा है। आरोप है कि एक टेक्नीशियन और दो संविदा कर्मचारी वहीं बैठकर पार्टी कर रहे थे।
लैब के अंदर सिगरेट भी पीते दिखे कर्मचारी
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दो लोग कुर्सी पर बैठे हैं, जबकि तीसरा व्यक्ति लैब के फ्रिज को खोलकर उसमें से कुछ सामान निकालकर प्लेट में रखता है और फिर वह भी उनके साथ बैठ जाता है। थोड़ी देर बाद एक व्यक्ति केबिन के अंदर सिगरेट जलाते हुए भी दिखाई देता है। यह पूरा दृश्य अस्पताल की उसी पैथोलॉजी लैब का बताया जा रहा है, जहां रोजाना मरीजों के ब्लड सैंपल की जांच होती है।
CMS ने दिए जांच के आदेश
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. आरएस राम ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह वीडियो उनके ज्वाइन करने से पहले का बताया जा रहा है, लेकिन अस्पताल की मर्यादा और अनुशासन को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
इसी लैब में होती हैं जरूरी जांचें
दीन दयाल उपाध्याय जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में इमरजेंसी और ओपीडी के मरीजों की खून की जांच की जाती है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं के ब्लड सैंपल सहित कई महत्वपूर्ण जांचें भी यहीं की जाती हैं। ऐसे में लैब के अंदर इस तरह की गतिविधियों का वीडियो सामने आना स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
ALSO READ – अवसरवादी मतलब पंडित? UP पुलिस भर्ती परीक्षा के सवाल पर बवाल- अजय राय ने सरकार को घेरा

