Varanasi News: उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर (दारोगा) पदों पर भर्ती के लिए शनिवार को वाराणसी सहित प्रदेशभर में परीक्षा आयोजित की जा रही है। वाराणसी में इस भर्ती परीक्षा के लिए 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 77,764 अभ्यर्थी दो दिनों में परीक्षा देंगे।
शनिवार को होने वाली परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही है, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 19,440 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभ्यर्थियों की जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा जांच के दौरान अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली जा रही है। पहली पाली की एंट्री के दौरान कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों के हाथों में बंधे कलावा (रक्षासूत्र) भी उतरवाए गए, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या संदिग्ध सामग्री परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जाई जा सके।
46 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर वाराणसी प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के 46 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है और प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए खुफिया एजेंसियों के साथ-साथ यूपी एसटीएफ को भी सक्रिय किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट की दुकानों को भी अस्थायी रूप से बंद कराया गया है, ताकि किसी प्रकार की नकल की संभावना को रोका जा सके।
आधे घंटे पहले बंद हो जाएंगे परीक्षा केंद्रों के गेट
एडीएम प्रशासन आलोक वर्मा ने बताया कि वाराणसी में शनिवार और रविवार को दो दिनों तक यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसके लिए 46 सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंच जाएं। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे निर्धारित है, इसलिए साढ़े 9 बजे ही परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रशासन के अनुसार दारोगा भर्ती परीक्षा के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी वाराणसी पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
एडीएम प्रशासन ने बताया कि परीक्षार्थियों और अन्य यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों और कुछ ट्रेनों के संचालन की भी व्यवस्था की गई है, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा में परेशानी न हो।
ALSO READ – वाराणसी: BHU की जूनियर डॉक्टर ने इंसुलिन ओवरडोज लेकर की आत्महत्या की कोशिश, हालत गंभीर

