Varanasi: गंगा नदी की मध्यधारा में नाव पर कथित रूप से नॉनवेज पार्टी और शराब सेवन का वीडियो वायरल होने के बाद गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपितों को अदालत से राहत मिल गई है। कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय की अदालत ने सभी आरोपितों को 20-20 हजार रुपये की दो-दो जमानतें एवं निजी बंधपत्र दाखिल करने की शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया। अदालत में आरोपितों की ओर से अधिवक्ता विकास सिंह ने पक्ष रखा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद हुई थी कार्रवाई
मामला उस समय चर्चा में आया था, जब गंगा नदी (Varanasi) में नाव पर नॉनवेज पार्टी और शराब सेवन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और विभिन्न संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सर्विलांस और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे पांच लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। घटना में इस्तेमाल की गई नाव को भी पुलिस ने सीज कर दिया था।
Varanasi: छह माह पुराना निकला वीडियो
सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के अनुसार जांच में पता चला कि वायरल वीडियो मान मंदिर घाट (Varanasi) के पास का था और लगभग छह माह पुराना था। पुलिस ने इस मामले में सूजाबाद पड़ाव निवासी दीपक कुमार, नाव चालक अजय साहनी, अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल साहनी को गिरफ्तार किया था।
गौरतलब है कि 16 मार्च को भी गंगा नदी में नाव पर इसी तरह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस मामले में कोतवाली पुलिस ने अगले दिन 14 लोगों को गिरफ्तार किया था। बाद में उस प्रकरण (Varanasi) में आरोपितों को उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई थी। वर्तमान मामले में भी अदालत ने सभी पांच आरोपितों को निर्धारित शर्तों के साथ जमानत प्रदान कर दी है। वहीं, पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी रहेगी।

