उत्तर प्रदेश STF और पुलिस को सोमवार सुबह बड़ी सफलता मिली, जब बिहार का कुख्यात और 1.25 लाख रुपये का इनामी बदमाश लल्लन सिंह उर्फ ललन सिंह मुठभेड़ में मार गिराया गया। सरसावा-नकुड़ मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल लल्लन सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस (STF) के अनुसार लल्लन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का निवासी था। वह लंबे समय से उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। उसकी गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस तरह उस पर कुल 1.25 लाख रुपये का इनाम था।
STF: चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक रविवार देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में सरसावा-नकुड़ मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस (STF) का सामना संदिग्ध बदमाशों से हो गया। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लल्लन सिंह गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल बदमाश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सात हत्याओं समेत कई संगीन मामलों का आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लल्लन सिंह बेहद शातिर और खूंखार अपराधी था। उसके खिलाफ हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट, हथियार लूट, पुलिस पर हमला और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज थे। उस पर सात हत्याओं का आरोप था। मृतकों में दो पुलिस उपनिरीक्षक (दारोगा), एक बैंक कैशियर और एक निजी सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे। कई राज्यों की पुलिस(STF) लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
वर्ष 2022 में वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल लूटने की सनसनीखेज वारदात (STF) में भी लल्लन सिंह वांछित था। इसके अलावा चंदौली में हुई फायरिंग और लूट की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस के अनुसार वह अपने भाइयों और गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश और बिहार में कई बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका था।
सहारनपुर में हुई इस मुठभेड़ को पुलिस (STF) की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाश की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच भी की जा रही है।

