मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। पुलिस लाइन मैदान में हेलीकॉप्टर से पहुंचने पर मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री चौकाघाट स्थित उत्सव कार्यक्रम में भाग लेकर केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे। कार्यक्रम के दौरान वे विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी और स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे।
CM Yogi योजनाओं के लाभार्थियों देंगे सम्मान
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, स्ट्रीट वेंडर योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
जिलाधिकारी के अनुसार कार्यक्रम में ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के तहत वाराणसी की पारंपरिक पहचान को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और बनारसी पान के स्टॉल आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके साथ ही लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी और अन्य जीआई टैग उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
विभिन्न विभाग लगाएंगे जागरूकता और सेवा स्टॉल
कार्यक्रम (CM Yogi) स्थल पर बाल विकास एवं महिला कल्याण, कृषि, उद्यान, पर्यटन, नेडा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना, हथकरघा एवं श्रम, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, सेवायोजन, कौशल विकास मिशन, पंचायती राज, मत्स्य और पशुपालन विभाग सहित कई सरकारी विभाग अपने स्टॉल लगाएंगे।
इसके अलावा ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण, सामान्य ओपीडी, आयुष्मान कार्ड निर्माण जैसी स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए चिकित्सकों की विशेष टीम तैनात रहेगी, जो प्रमाणपत्र जारी करने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता करेगी।
वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री CM Yogi) सर्किट हाउस में दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना समेत शहर में चल रहे विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वे बीएचयू में निर्माणाधीन नेशनल एजिंग सेंटर का निरीक्षण भी करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) अपने दौरे के दौरान बीएचयू परिसर में आयोजित विज्ञान भारती के सातवें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में भी भाग लेंगे। कार्यक्रम में विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।

