प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष जनकल्याणकारी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के CM Yogi 12 जून को वाराणसी आएंगे। मुख्यमंत्री चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित विशाल जनकल्याणकारी शिविर में हिस्सा लेंगे और केंद्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधे संवाद करेंगे।
इस अवसर पर सरकार की जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की पहुंच को और व्यापक बनाना तथा अधिक से अधिक लोगों को उनसे जोड़ना है।
लाभार्थियों से रूबरू होंगे CM Yogi
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, स्ट्रीट वेंडर योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना समेत विभिन्न मुख्यमंत्री योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात करेंगे। वह लाभार्थियों के अनुभव सुनेंगे और योजनाओं के प्रभाव का आकलन भी करेंगे।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जनकल्याणकारी शिविर का उद्देश्य पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें उनके अधिकारों तथा उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉलों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
ओडीओपी उत्पादों के जरिए दिखेगी काशी की सांस्कृतिक पहचान
कार्यक्रम में वाराणसी की पारंपरिक कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों की भी विशेष झलक देखने को मिलेगी। एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत काशी की प्रसिद्ध लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और पान के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही लकड़ी के खिलौने और गुलाबी मीनाकारी जैसे पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इससे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ उनके उत्पादों को व्यापक पहचान भी मिलेगी।
विभिन्न विभाग लगाएंगे जनसेवा शिविर
कार्यक्रम स्थल पर बाल विकास एवं महिला कल्याण, कृषि, उद्यान, नेडा, पर्यटन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना, हथकरघा एवं श्रम, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, सेवायोजन, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, पंचायती राज, मत्स्य तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग सहित अनेक विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों (CM Yogi) पर विभागीय योजनाओं की जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं का भी मिलेगा लाभ
जनकल्याणकारी शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यहां ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण, आयुष्मान कार्ड निर्माण और सामान्य ओपीडी जैसी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराना है।
दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधा
दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकों की विशेष टीम तैनात रहेगी। यहां दिव्यांगजन एक ही स्थान पर चिकित्सकीय परीक्षण (CM Yogi) कराकर आवश्यक प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकेंगे। इससे उन्हें अलग-अलग कार्यालयों और अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
मुख्यमंत्री (CM Yogi) के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, लाभार्थियों की उपस्थिति और विभिन्न विभागों के स्टॉलों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग इस जनकल्याणकारी शिविर का लाभ उठाएं और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़कर अपने जीवन स्तर में सुधार ला सकें।

