Varanasi: सारनाथ थाना क्षेत्र में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सदर तहसील के एक संविदा कर्मी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी, भतीजे सहित चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जयरामपुर निवासी राजेश विश्वकर्मा (36) के रूप में हुई है, जो सदर तहसील में संविदा लिपिक (Varanasi) के पद पर कार्यरत थे। वह अपनी पत्नी नेहा विश्वकर्मा (32) और भतीजे अनिकेत विश्वकर्मा (12) के साथ अयोध्या से रामलला के दर्शन कर लौट रहे थे। कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद तीनों टोटो से अपने घर जा रहे थे।
टक्कर के बाद 20 फीट दूर जा गिरे यात्री
बताया जा रहा है कि सारनाथ क्षेत्र में पहुंचते ही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (UP65BA6005) ने टोटो को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग करीब 20 फीट दूर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो चालक (Varanasi) की लापरवाही हादसे का कारण बनी। दुर्घटना में टोटो चालक सुनील राजभर, निवासी सारंग तालाब और उसका साथी शोएब, निवासी पुरानापुल भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
Varanasi: अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना (Varanasi) की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची सारनाथ पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने राजेश विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी, भतीजे और अन्य घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। सभी का उपचार जारी है।
चालक हिरासत में, वाहन जब्त
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के पिता घनश्याम विश्वकर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया गया है और चालक शुभम पटेल को हिरासत (Varanasi) में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
राजेश विश्वकर्मा की असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे परिवार के साथ हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।

