उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा (UP Police Recruitment Exam) सोमवार से वाराणसी के 50 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो गई। परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और गहन जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई, जिसमें कपड़ों, जूतों और अन्य सामानों की जांच की गई।
परीक्षा में शामिल होने आए अभ्यर्थियों की शर्ट की बांह खुलवाकर जांच की गई, वहीं जूते उतरवाकर भी सुरक्षा कर्मियों ने तलाशी ली। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
AI कैमरों और कंट्रोल रूम से रखी जा रही नजर
परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के जरिए प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम से भी सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
वाराणसी में आयोजित इस भर्ती परीक्षा (UP Police Recruitment Exam) में कुल 1 लाख 32 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के लिए जिले में 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यह भर्ती परीक्षा 8 जून से 10 जून तक आयोजित की जाएगी।
दो पालियों में होगी UP Police Recruitment Exam
परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। कुल तीन दिनों में छह शिफ्टों में परीक्षा संपन्न होगी।
- पहली पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
- दूसरी पाली: दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक
प्रत्येक पाली में लगभग 22,032 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
पुलिस, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां अलर्ट
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी परीक्षा केंद्रों (UP Police Recruitment Exam) पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा एसटीएफ, एलआईयू और अन्य खुफिया एजेंसियां भी लगातार निगरानी कर रही हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर विशेष व्यवस्था की गई है।
अभ्यर्थियों को किराए में मिली राहत
प्रदेश सरकार की ओर से परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को विशेष सुविधा प्रदान की गई है। अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट का लाभ ले सकते हैं।
परीक्षार्थियों (UP Police Recruitment Exam) की सुविधा के लिए पुलिस विभाग ने सभी परीक्षा केंद्रों की लोकेशन से संबंधित बारकोड जारी किए हैं। अभ्यर्थियों ने बारकोड स्कैन कर आसानी से अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की सुविधा का लाभ उठाया, जिससे उन्हें रास्ता खोजने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

