Sonbhadra: बीजपुर थाना क्षेत्र के नेमना गांव निवासी एक बीए छात्र का शव शनिवार सुबह चेतवां जंगल में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, नेमना गांव निवासी 21 वर्षीय प्रवेश कुमार पुत्र गुलाब चंद शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे घर से कॉलेज का फॉर्म भरने की बात कहकर निकला था। देर शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे एक राहगीर ने परिजनों को सूचना दी कि चेतवां जंगल (Sonbhadra) में सड़क किनारे एक चिलबिल के पेड़ से युवक का शव रस्सी के सहारे लटका हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान प्रवेश कुमार के रूप में की। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि प्रवेश कुमार जरहां स्थित एक महाविद्यालय में बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। मृतक के भाई सर्वेश कुमार ने बीजपुर थाने में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Sonbhadra: मोबाइल गिरवी रखकर लिए थे 4500 रुपये
परिजनों के अनुसार, घटना (Sonbhadra) से एक दिन पहले प्रवेश ने चेतवां स्थित एक जनसेवा केंद्र पर अपना मोबाइल गिरवी रखकर करीब 4500 रुपये उधार लिए थे। इस तथ्य के सामने आने के बाद पुलिस ने जनसेवा केंद्र संचालक को पूछताछ के लिए बुलाया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक को दी गई राशि किस खाते में भेजी गई और पूरी वित्तीय लेन-देन की प्रक्रिया क्या थी।
घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पुलिस अधिकारियों (Sonbhadra) का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जाएगी।
उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल युवक (Sonbhadra) की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और घटना रहस्य बनी हुई है।

