Varanasi में भीषण गर्मी के बीच ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिसकर्मियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत यातायात कर्मियों को गर्मी, धूप और वर्षा जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों से बचाव के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए।
Varanasi: 1000 छाते, 600 हेलमेट बांटे गए
यातायात व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने विभिन्न चौराहों और प्रमुख मार्गों पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों की व्यावहारिक समस्याओं को गंभीरता से लिया था। इसके बाद कमिश्नरेट क्षेत्र के यातायात बूथों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के कल्याण हेतु 1000 छाते, 600 सामान्य हेलमेट और 100 विशेष वेंटिलेशन/एसी युक्त हेलमेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान भीषण गर्मी को देखते हुए यातायात कर्मियों के लिए लस्सी और हल्के जलपान की भी व्यवस्था की गई। अधिकारियों (Varanasi) ने कहा कि इन सुविधाओं का उद्देश्य ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता, स्वास्थ्य और मनोबल को बेहतर बनाए रखना है।
इस अवसर पर शिवहरी मीणा ने यातायात पुलिसकर्मियों (Varanasi) को संबोधित करते हुए ड्यूटी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कर्मियों से यातायात संचालन के दौरान सतर्क रहने, सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने, आमजन के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने और सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान
उन्होंने कहा कि यातायात पुलिसकर्मी प्रतिदिन व्यस्त चौराहों और प्रमुख मार्गों पर लंबे समय तक खड़े रहकर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ऐसे में विभाग का दायित्व है कि उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यक्रम (Varanasi) में पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल यादव, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात प्रवीण यादव, यातायात निरीक्षक मुख्यालय अनुराग त्यागी सहित यातायात शाखा के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में भविष्य में भी पुलिसकर्मियों के कल्याण, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि वे बेहतर वातावरण में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन को उत्कृष्ट पुलिस सेवा प्रदान कर सकें।

